बोकारो
विधायक उमाकांत की पहल से बोकारो की अचन देवी को पेंशन का रास्ता साफ, कांग्रेस नेत्री ने उठाया था मामला
बोकारो: चंदनकियारी प्रखंड के बड़जोर गांव की निवासी अचन देवी को आखिरकार पेंशन योजना का लाभ मिलने की राह खुल गई है। यह संभव हो पाया कांग्रेस सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल की पहल और विधायक उमाकांत रजक के त्वरित हस्तक्षेप से।
ब्यूटी मंडल ने ट्विटर के माध्यम से चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक और बोकारो उपायुक्त को टैग करते हुए लिखा था कि अचन देवी ने पंचायत और प्रखंड कार्यालय में पेंशन के लिए आवेदन दिया, लेकिन अब तक उन्हें योजना से जोड़ा नहीं गया है। उन्होंने प्रशासन से निवेदन किया था कि अचन देवी को पेंशन योजना से शीघ्र जोड़ा जाए।

इस ट्वीट को गंभीरता से लेते हुए विधायक उमाकांत रजक ने बोकारो उपायुक्त को निर्देशित किया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए अचन देवी को पेंशन योजना से जोड़ने की कार्रवाई की जाए, ताकि सरकार की योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की तत्परता से ही आम जनता को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल पाता है।
